सरायकेला/ Pramod Singh उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को जिला समन्वय समिति की बैठक संपन्न हुई. बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से प्रखंड स्तरीय समन्वय समिति की बैठक करें और कार्यों को तय समय- सीमा में पूर्ण कराएं. जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार- प्रसार और योग्य लाभुकों तक पहुंचाने पर भी बल दिया गया.

आपूर्ति विभाग विभाग की समीक्षा के क्रम में डीसी ने ग्रीन राशन कार्ड, मुख्यमंत्री डाकिया योजना और चना वितरण की समीक्षा हुई. ई-केवाईसी कराने और अपात्र नामों को विलोपित करने के निर्देश दिए गए.
वहीं उद्योग विभाग की समीक्षा के क्रम में पीएम- विश्वकर्मा, पीएम- एफएमई, पीएमईजीपी और ट्रेड आधारित प्रशिक्षण की समीक्षा कर लाभुकों को चयनित कर बैंक ऋण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया.
कृषि विभाग की समीक्षा के क्रम में केवाईसी के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन, बीज वितरण और केसीसी कवरेज शत- प्रतिशत सुनिश्चित करने को कहा गया.
इसी तरह शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के क्रम में विद्यालय और आंगनबाड़ी में पेयजल, शौचालय, बिजली की सुविधा सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर निर्देश दिए गए.
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सभी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपस्थिति, पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य शिविर, टीबी मरीजों की सहायता और IDA- MDA अभियान की तैयारी के निर्देश दिए गए.
नगर विकास विभाग विभाग की समीक्षा के क्रम में डीसी ने संबंधित निकायों में कचरा उठाव, नाली सफाई और पेयजल समस्याओं के शीघ्र समाधान को कहा.
इसी तरह सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा के क्रम में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना और सर्वजन पेंशन योजना के लाभार्थियों को जल्द लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए.
मनरेगा एवं आवास योजना की समीक्षा के क्रम में बिरसा सिंचाई कूप और पीएम आवास योजना के लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया. उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा कर तय लक्ष्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, डीआरडीए निदेशक डॉ. अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे.

