सरायकेला/ Pramod Singh 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने अपने आवासीय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर जिले में गणतंत्र दिवस समारोह की औपचारिक शुरुआत की. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत सहित जिले के तमाम पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.

झंडोत्तोलन के बाद उपायुक्त ने तिरंगे को सलामी दी और उपस्थित अधिकारियों व कर्मियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराने का दिन है. उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया.
उपायुक्त ने कहा कि जिले के सर्वांगीण विकास के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है और आमजनों के सहयोग से विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है. उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं और संविधान में निहित कर्तव्यों का पालन करें. इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया. कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ.

