सरायकेला: समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में राजस्व एवं आंतरिक संसाधनों से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो, जिला मत्स्य पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, उप निबंधक पदाधिकारी (सरायकेला एवं चांडिल) समेत सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में उपायुक्त ने विभागवार वार्षिक लक्ष्यों के विरुद्ध अब तक की राजस्व संग्रहण की प्रगति की समीक्षा की और योजनाबद्ध ढंग से कार्य कर लक्ष्य प्राप्ति के लिए आवश्यक दिशा- निर्देश दिए. उन्होंने अवैध खनन, अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और परिचालन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. नगर निकाय क्षेत्रों में होर्डिंग टैक्स के लंबित भुगतानों की शीघ्र वसूली के भी निर्देश दिए गए. बैठक में वर्षा के कारण नाला जाम और जलजमाव की समस्या पर चर्चा हुई. उपायुक्त ने नगर निकाय प्रशासकों को शीघ्र समाधान का निर्देश दिया.
इसके अलावा, जिले में संचालित शराब दुकानों की संख्या, संचालन में आ रही समस्याओं और नए दुकानों की आवश्यकता जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी बिंदुओं पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.

