सरायकेला: जिला समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने जिलेभर से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं. जनता दरबार में सड़क, पेंशन, राशन कार्ड, भूमि विवाद, गैस एजेंसी, प्रदूषण और कथित रिश्वतखोरी समेत कई जनहित के मुद्दे उठाए गए.


जनता दरबार के दौरान कुकड़ू प्रखंड में 15वें वित्त आयोग से संबंधित कार्य के लिए एमबी निर्गत करने के एवज में पंचायत सचिव द्वारा कथित रूप से रिश्वत मांगने की शिकायत प्रमुख रूप से सामने आई. वहीं चांडिल प्रखंड के कंदरबेड़ा दोमुहानी चौक चौड़ीकरण कार्य, राजनगर प्रखंड के छोटा कुनाबेड़ा टोला शोकाडकोचा की जर्जर सड़क की मरम्मत तथा तिरुलडीह स्थित गैस एजेंसी द्वारा कथित रूप से अधिक राशि वसूले जाने के मामले भी उठाए गए.
इसके अलावा अनुसूचित जनजाति पुरान को सीएनटी एक्ट में शामिल करने की मांग, आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में आंगनबाड़ी सेविका चयन में अनियमितता के आरोप, ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित पोल्ट्री फार्मों से प्रदूषण की शिकायत तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास और राशन कार्ड से जुड़े आवेदन भी उपायुक्त को सौंपे गए.
उपायुक्त ने कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया तथा शेष मामलों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



