सरायकेला/ Pramod Singh समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों और क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी जनसमस्याएं रखीं.

उपायुक्त ने एक- एक कर सभी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए. जनता दरबार के दौरान अंचल कार्यालय इचागढ़ में लंबित म्यूटेशन, सिनी क्षेत्र में सीमेंट पोल से उत्पन्न अवरोध, सरायकेला क्षेत्र में विद्युत तारों को सुरक्षित करने, मुआवजा भुगतान और सीमांकन से जुड़े मामलों पर विशेष रूप से चर्चा की गई.
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण आवश्यक है, वहां संबंधित पदाधिकारी तत्काल जांच कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन समर्पित करें, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र न्याय मिल सके. उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

