सरायकेला: “स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025” के अंतर्गत गुरुवार को जिले में “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” जिला व्यापी सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंड और पंचायतों में सफाई अभियान, स्वच्छता रैली, वृक्षारोपण और स्वच्छता शपथ जैसे कार्यक्रम आयोजित हुए. जिला और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह, ग्रामीण जन और सामाजिक संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम न होकर निरंतर जनआंदोलन का स्वरूप लेना चाहिए. प्रत्येक नागरिक को अपने परिवेश को स्वच्छ रखने के लिए व्यक्तिगत और सामूहिक जिम्मेदारी निभानी होगी. विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करना, ग्राम और वार्ड स्तर पर स्वच्छता समितियों को सक्रिय रखना, कचरा प्रबंधन और अपशिष्ट निस्तारण की व्यवस्था करना तथा प्लास्टिक उन्मूलन हेतु जनसहभागिता बढ़ाना आवश्यक है.

अभियान के माध्यम से यह भी स्पष्ट किया गया कि स्वच्छता जीवन शैली का अभिन्न अंग है और यह स्वास्थ्य, पर्यावरण और समाज के लिए अनिवार्य है. नागरिकों को जागरूक किया गया कि छोटे- छोटे प्रयास मिलकर बड़े परिवर्तन ला सकते हैं तथा स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहायक हो सकते हैं.


