सरायकेला: जिले के चौका थाना अंतर्गत एनएच-33 पर चौका थाना के समीप मंगलवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान चांडिल के बानियापाड़ा निवासी शुभम लायेक के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.



जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8 बजे शुभम लायेक अपनी बुलेट बाइक से चौका से चांडिल की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही पल्सर बाइक से उनकी आमने- सामने की जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि शुभम सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
दुर्घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद शुभम लायेक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच), जमशेदपुर रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
वहीं, दुर्घटना में घोड़ानेघी निवासी धनंजय महतो, जो पल्सर बाइक चला रहे थे, को मामूली चोटें आई हैं. उनका इलाज के बाद स्वास्थ्य सामान्य बताया जा रहा है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुभम लायेक पूर्व में भी चांडिल बाईपास मार्ग स्थित भालुकोचा के पास एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए थे. अब दूसरी सड़क दुर्घटना में उनकी असामयिक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की खबर मिलते ही रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का उनके घर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर





