चांडिल Report By Vikash Thakur सरायकेला जिले में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर मंगलवार को जिले भर में अड्डेबाजी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया. इसके साथ ही अपराध पर नियंत्रण को लेकर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान भी चलाया गया.

इसी कड़ी में चांडिल अनुमंडल के चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के अलग- अलग इलाकों में अड्डेबाजी के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया. पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों, सड़क किनारे संदिग्ध जमावड़ों और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी.
अभियान के दौरान हाईवे सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर एंटी क्राइम चेकिंग की गई. इस दौरान वाहनों की जांच की गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई. पुलिस ने लोगों को बेवजह समूह बनाकर अड्डेबाजी नहीं करने की हिदायत दी.
थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह अभियान नियमित रूप से चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अड्डेबाजी से अक्सर असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है, इसलिए ऐसे मामलों में सख्ती बरती जा रही है.
उन्होंने यह भी कहा कि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाती रहेगी. आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.

