सरायकेला: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार ने बुधवार को सामुदायिक भवन, सरायकेला परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया. निरीक्षण का उद्देश्य निर्वाचन से जुड़ी तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा- निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का आकलन करना था.

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस में ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, सीलिंग प्रक्रिया, अभिलेख संधारण और आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुपालन की गहन समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को हर स्तर पर मजबूत रखा जाए और सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए.
इसके साथ ही सामुदायिक भवन परिसर में निर्वाचन कार्यों से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध, सुव्यवस्थित और आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी की जाएं.

