सरायकेला/ Pramod Singh समाजसेवा के क्षेत्र में सोमवार को एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जहां नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष सह समाजसेवी मनोज चौधरी के नेतृत्व में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. यह शिविर सरायकेला ब्लड बैंक और काशी साहू महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने स्वेच्छा से भाग लिया.

रक्तदान शिविर में मानवता की सेवा के उद्देश्य से लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया. इस दौरान कुल 122 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया, जिसे बाद में ब्लड बैंक सरायकेला के सुपुर्द कर दिया गया. शिविर में युवाओं की सक्रिय भागीदारी से माहौल पूरी तरह सेवा और संवेदना से भरा रहा.

कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि मनोज चौधरी की ओर से रक्तदान करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हेलमेट देकर सम्मानित किया गया. इस पहल के माध्यम से जहां रक्तदान को प्रोत्साहन दिया गया, वहीं सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश भी दिया गया.
मौके पर मनोज चौधरी ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है. उन्होंने बताया कि हेलमेट वितरण का उद्देश्य युवाओं को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित करना है. इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय समाजसेवी संगठनों और युवाओं का सराहनीय योगदान रहा.

