सरायकेला/ Pramod Singh चंपई कप फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन के बाद बिरसा मुंडा स्टेडियम में फैली गंदगी को देखते हुए टाइगर क्लब के संरक्षक सोनाराम बोदरा के नेतृत्व में सोमवार को सफाई अभियान चलाया गया.

सोनाराम बोदरा ने बताया कि दो दिवसीय चंपई कप फुटबॉल प्रतियोगिता के दौरान स्टेडियम परिसर में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही, जिसके बाद मैदान में काफी कचरा फैल गया था. इसी को ध्यान में रखते हुए क्लब सदस्यों ने सुबह से ही सफाई अभियान शुरू किया.
उन्होंने कहा कि स्वच्छता न केवल खिलाड़ियों के लिए, बल्कि समाज के लिए भी अत्यंत आवश्यक है. हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्टेडियम में आने वाले अन्य खिलाड़ियों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
सफाई अभियान में टाइगर क्लब के सभी सदस्य सक्रिय रूप से शामिल हुए और स्टेडियम को साफ-सुथरा बनाने में अपना योगदान दिया. सोनाराम बोदरा ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों को धन्यवाद देते हुए कहा कि क्लब आगे भी ऐसे सामाजिक कार्यों में अपनी भागीदारी जारी रखेगा.

