सरायकेला/ Pramod Singh सावन के अंतिम सोमवारी के अवसर पर प्राचीन बाबा बुद्धेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. बाबा के दर्शन के लिए सुबह से ही मंदिर परिसर में लंबी कतारें लग गईं और भक्तों ने श्रद्धा के साथ पूजा- अर्चना की. हर- हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया.

इस पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण में 49वां वार्षिक सार्वजनिक विशाल भंडारा आयोजित किया गया. भंडारे में हजारों शिवभक्तों ने बाबा का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया. भंडारा का आयोजन प्राचीन बाबा बुद्धेश्वर भक्त मंडल द्वारा किया गया था.
इस संबंध में जानकारी देते हुए नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष एवं भक्त मंडल के सदस्य मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि बाबा बुद्धेश्वर नाथ का यह मंदिर अत्यंत प्राचीन और आस्था का केंद्र है. साल भर यहां श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है और भक्त बाबा के दरबार में मनोकामना लेकर आते हैं. कहा जाता है कि बाबा के दर्शन मात्र से ही भक्तों की मुरादें पूरी हो जाती हैं. भंडारे में उपस्थित प्रमुख लोगों में पुजारी असित दास, घटो दास, रिषु दास, मनोज कुमार चौधरी, अभिषेक चौधरी, संजय कुमार अग्रवाल, कैलाश चेतानी, हेमकांत मंडल, प्रहलाद साहू, विक्की साहू, लड्डू चौधरी, उज्जवल सामल, सुदर्शन मोदक समेत बाबा बुद्धेश्वर भक्त मंडल के अनेक सदस्य शामिल थे.
पूरे आयोजन में अनुशासन और समर्पण देखने को मिला.

