सरायकेला: ऐतिहासिक बाबा बुद्धेश्वर नाथ मंदिर में अंतिम श्रावणी सोमवारी के अवसर पर 49वां वार्षिक सार्वजनिक विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा. यह आयोजन 4 अगस्त को किया जाएगा. हर साल की तरह इस वर्ष भी भंडारे की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

इस संबंध में जानकारी देते हुए बाबा बुद्धेश्वर भक्त मंडल के सदस्य सह नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि यह मंदिर वर्षों पुराना है और पूरे वर्ष यहां श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है.
मान्यता है कि बाबा बुद्धेश्वर के दर्शन से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं. अंतिम सोमवारी के दिन आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालु बाबा का प्रसाद ग्रहण करते हैं. इस वर्ष भी मंडल द्वारा भक्तों से भंडारा ग्रहण करने का निवेदन किया गया है. श्रावणी माह के इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है. स्थानीय प्रशासन और समिति के सदस्य मिलकर व्यवस्था को अंतिम रूप दे रहे हैं. भक्तों के लिए प्रसाद, जलपान और दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है.

