सरायकेला/ Pramod Singh गुरुवार को अखिल भारतीय गौड़ महासंघ की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय समिति के अध्यक्ष दिलीप प्रधान ने की. बैठक में नए वर्ष में संगठन द्वारा संचालित किए जाने वाले वार्षिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई.

बैठक के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कोल्हान प्रमंडल के सभी प्रखंडों में ग्राम स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. साथ ही समाज के बिखरे संगठनों का विलय कर एक सशक्त और एकजुट संगठन के निर्माण पर भी सहमति बनी.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नए वर्ष में संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री, संबंधित विभागीय मंत्री और केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर समाज और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान की मांग करेगा.
इसके अलावा कोल्हान प्रमंडल में शिक्षा के स्तर को बढ़ावा देने के लिए कक्षा तीन से लेकर बारहवीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक प्रतियोगिता आयोजित करने का फैसला लिया गया. वहीं 18 जनवरी को एक और बैठक आयोजित कर 15 फरवरी को संगठन के संस्थापक स्वर्गीय अलगो प्रधान की जयंती समारोह एवं वार्षिक सम्मेलन के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा करने का निर्णय लिया गया.
बैठक में वीरेंद्र प्रधान, अनिल प्रधान, अनन्तो प्रधान, संजीव कुमार प्रधान, विवेकानंद प्रधान और विकास प्रधान सहित संगठन के दर्जनों सदस्य उपस्थित रहे.

