सरायकेला: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में दो मैचों वाले मैत्रीपूर्ण क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. टूर्नामेंट में प्रशासन-11 और मीडिया-11 की टीमों ने भाग लिया. खेले गए दोनों मैचों में प्रशासन-11 की टीम ने जीत दर्ज की.

प्रतियोगिता के दौरान उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन-11 को जीत दिलाई. कार्यक्रम का उद्देश्य खेल के माध्यम से आमजन में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था.

उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए मानक हेलमेट का उपयोग अनिवार्य है. चारपहिया वाहन में सीट-बेल्ट का प्रयोग जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण उपाय है. उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से सड़क सुरक्षा माह के दौरान चलाए जा रहे अभियानों के व्यापक प्रचार- प्रसार की अपील की.
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण यातायात नियमों की अनदेखी है. उन्होंने मदिरापान कर वाहन चलाने को गंभीर दंडनीय अपराध बताते हुए “शून्य सहनशीलता” की नीति लागू करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि नियमों के सख्त पालन से दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोका जा सकता है.

अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की सहभागिता आवश्यक है. उन्होंने युवाओं से यातायात नियमों का अक्षरशः पालन करने की अपील की.
कार्यक्रम में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन की पहल की सराहना की और सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया. अंत में उपायुक्त द्वारा सभी उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई.

