सरायकेला: नगरपालिका आम निर्वाचन- 2026 को लेकर समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह- उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत भी मौजूद रहे.

बैठक में विभिन्न कोषांगों की कार्यप्रगति की समीक्षा कर लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए. सेक्टर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के बीच समन्वय बढ़ाने, नियमित भ्रमण एवं निगरानी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया.
मतदान केंद्रों पर कतार प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश- निकास व्यवस्था तथा न्यूनतम सुनिश्चित सुविधाएं- पेयजल, शौचालय, साफ- सफाई और प्रकाश व्यवस्था समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. पोलिंग पार्टी डिस्पैच एवं रिसीविंग प्लान की भी समीक्षा की गई.
महिला मतदाताओं वाले केंद्रों पर पर्याप्त महिला कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोपरि रहेगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

