सरायकेला/ Pramod Singh

जिले में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने की.
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, निदेशक डीआरडीए डॉ. अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
बैठक में बिरसा मुंडा स्टेडियम, समाहरणालय एवं अन्य प्रमुख स्थलों की साफ- सफाई, रंग- रोगन, स्टेडियम समतलीकरण, महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई, साउंड सिस्टम, मंच, सजावट, प्रकाश व्यवस्था, प्रभात फेरी, परेड पूर्वाभ्यास, राष्ट्रीय गान, माल्यार्पण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चिकित्सा व्यवस्था, स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान, विधि-व्यवस्था, निमंत्रण पत्र वितरण सहित सभी तैयारियों की समीक्षा की गई.
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण हों. राष्ट्रीय ध्वज संहिता के अनुरूप ध्वजारोहण सुनिश्चित किया जाए और नगर निकाय विशेष सफाई अभियान चलाकर 13 अगस्त तक सभी कार्य पूर्ण करें. उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों की सूची तैयार कर उन्हें 15 अगस्त को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित करने का भी निर्देश दिया.
स्वतंत्रता दिवस पर जिले में ड्राई डे लागू रहेगा. सभी कसाईखाने, मांस- मछली की दुकानें पूर्णतः बंद रहेंगी. सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं के लिए थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए.

