सरायकेला: बंगाल की खाड़ी में बन रहे ‘मोंथा’ चक्रवात को लेकर सरायकेला- खरसावां जिला प्रशासन ने पूरी सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है. राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के निर्देश पर जिला प्रशासन ने आपात तैयारी की समीक्षा की है और सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने को कहा है.

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में यह चक्रवात गंभीर रूप ले सकता है. इसके प्रभाव से राज्य के दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में तेज़ हवाएं, भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है.
प्रशासन की ओर से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की आपात बैठक बुलाई गई है. NDRF और SDRF टीमों को तत्पर स्थिति में रखा गया है. निचले और जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां के लोगों को सुरक्षित स्थलों पर ले जाने की योजना तैयार की जा रही है.
संचार, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं. सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और थाना प्रभारी को चौबीसों घंटे निगरानी पर रहने का आदेश जारी किया गया है.
जनसंपर्क विभाग के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासनिक दिशा- निर्देशों का पालन करें. राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नज़र रखे हुए है. जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियों की रिपोर्ट आपदा प्रबंधन विभाग को भेजी जा रही है.

