सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के सीनी मोड़ के समीप पेटुआ ढाबा के पास रविवार रात करीब 8:30 बजे सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा सड़क किनारे पार्क कर रहे ट्रक के पीछे से बाइक टकराने के कारण हुआ.

घटना में ओखानापुर गांव निवासी करिया टुडू (45) का बायां पैर टूट गया, जबकि हेलमेट पहने होने के कारण उसकी जान बच गई. डॉक्टरों के अनुसार हेलमेट ने सिर को गंभीर चोट से बचाया है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक बिना इंडिकेटर जलाए सड़क किनारे पार्क किया जा रहा था. उसी दौरान पीछे से आ रहे करिया टुडू की बाइक ट्रक से टकरा गई. राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सीनी ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सरायकेला सदर अस्पताल लाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जमशेदपुर रेफर कर दिया गया. घायल का इलाज जमशेदपुर के अस्पताल में जारी है. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है.

