सरायकेला: आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम (ABP) के अंतर्गत नीति आयोग द्वारा नामित केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी विकास सिंह, निदेशक, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की सूचकांक- आधारित विस्तृत समीक्षा की. बैठक में उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत, उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा सहित संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, पशुपालन, पेयजल, स्वच्छता एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रमुख सूचकांकों की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई. स्वास्थ्य क्षेत्र में संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यशीलता पर चर्चा हुई. शिक्षा क्षेत्र में नामांकन, उपस्थिति, ड्रॉपआउट दर, आधारभूत संरचना और शिक्षण गुणवत्ता की स्थिति की समीक्षा की गई.

सामाजिक सुरक्षा क्षेत्र में पेंशन योजनाओं सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की लाभार्थी संतृप्ति और पात्र लाभुकों तक लाभ पहुंचाने की प्रगति पर भी विस्तार से विचार- विमर्श किया गया. समीक्षा बैठक में कृषि, पशुपालन, पेयजल एवं स्वच्छता से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर भी विभागवार जानकारी ली गई.
केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी विकास सिंह ने आकांक्षी प्रखंडों में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने, सूचकांकों में सुधार के लिए केंद्रित हस्तक्षेप, लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन, फील्ड स्तर पर नियमित अनुश्रवण तथा समयबद्ध रूप से अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए. उन्होंने अंतरविभागीय समन्वय को मजबूत करते हुए योजनाओं के प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया.

