
भागलपुर: सिल्क सिटी भागलपुर के टाउन हॉल में आयोजित अंग शिखर सम्मेलन- 2026 के भव्य समारोह में अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त भारतीय सैंड आर्टिस्ट डॉ. मधुरेंद्र कुमार को कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए अंग क्षेत्र के प्रतिष्ठित ‘अंग गौरव सम्मान’ से अलंकृत किया गया. यह सम्मान अंग मुक्ति दल की केंद्रीय समिति की ओर से प्रदान किया गया.


डॉ. मधुरेंद्र कुमार को यह सम्मान उनकी सैंड आर्ट, मूर्तिकला और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी रचनात्मक कलाकृतियों के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश और अंग क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए दिया गया. समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि मौजूद रहे.

सम्मान प्राप्त करने के बाद श्री कुमार ने इसे अंग प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला और समाज के प्रति समर्पित सभी कलाकारों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर सृजनात्मक एवं जनकल्याणकारी कार्य करने की नई ऊर्जा और प्रेरणा देगा.
आयोजकों ने कहा कि मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अनूठी कला के माध्यम से अंग क्षेत्र को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाई है. उनके उल्लेखनीय योगदान के सम्मान में उन्हें ‘अंग गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया जाना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है. समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका अभिनंदन किया.





