मधुबनी: जिले के वाटसन खेल मैदान परिसर में आयोजित दो दिवसीय मधुबनी जिला स्थापना दिवस सह मधुबनी महोत्सव के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार को जिला प्रशासन की ओर से विशेष सम्मान से नवाजा गया.

मधुरेंद्र कुमार ने मुख्य मंच के ठीक सामने करीब 12 हजार किलोग्राम गंगा के बालू का उपयोग करते हुए 10 फीट ऊंची भव्य सैंड आर्ट का निर्माण किया. यह कलाकृति “स्वच्छ मधुबनी, स्वस्थ मधुबनी” थीम पर आधारित थी, जिसका उद्देश्य लोगों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था. महोत्सव में आने वाले दर्शकों और अधिकारियों ने उनकी इस अनोखी कृति की जमकर सराहना की.
महोत्सव के समापन समारोह में जिला प्रशासन की ओर से सदर एसडीओ चंदन कुमार मिश्रा ने मुख्य मंच पर मधुरेंद्र कुमार को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, अंग वस्त्र और मिथिला पाग पहनाकर सम्मानित किया. इस दौरान उन्हें “मधुबनी महोत्सव सम्मान 2025” प्रदान किया गया.
मौके पर मौजूद लोगों और कला प्रेमियों ने कहा कि मधुरेंद्र कुमार की सैंड आर्ट ने न केवल महोत्सव की शोभा बढ़ाई, बल्कि “स्वच्छता और स्वस्थ जीवन” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाई. उनके इस उत्कृष्ट कार्य से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिला.

