समस्तीपुर: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली चुनावी सभा 24 अक्टूबर को समस्तीपुर में होने जा रही है. यह सभा एनडीए गठबंधन के लिए चुनावी शंखनाद मानी जा रही है. कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और एनडीए घटक दलों की ओर से भव्य तैयारियां चल रही हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्पूरी ग्राम स्थित गोकुल फुलेश्वरि डिग्री महाविद्यालय परिसर में हेलीकॉप्टर से उतरेंगे. वहां से वे जननायक कर्पूरी ठाकुर के पैतृक घर स्थित स्मृति भवन पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे. इसके बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से दुग्धपुरा के हवाई अड्डा मैदान पहुंचेंगे, जहां वे विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे.
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह, एसडीओ दिलीप कुमार समेत अधिकारियों की टीम ने कर्पूरी ग्राम और सभा स्थल का निरीक्षण किया. डीएम ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. कर्पूरी ग्राम में हेलिपैड का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है.
प्रधानमंत्री की इस सभा को लेकर एनडीए के नेताओं और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नीलम सहनी, जदयू जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय और शशिधर झा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नेता मौजूद थे.
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस चुनावी सभा के माध्यम से समस्तीपुर के सभी दस विधानसभा क्षेत्रों को साधने की रणनीति पर काम करेंगे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
