साहिबगंज: मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के कौड़ी खुटाना गांव में रविवार सुबह झाड़ियों से एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 21 वर्षीय शिवलाल मुर्मू के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और महज छह घंटे के भीतर हत्या के आरोपी राजेश राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

जानकारी के अनुसार, शिवलाल मुर्मू शुक्रवार को गांव में आयोजित फुटबॉल मैच और आदिवासी मेले में शामिल होने गया था. वहीं, उसने अपने बहनोई से मुलाकात की और फिर आरोपी राजेश राय से 7,000 रुपये की बकाया राशि मांगने गया. इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो झगड़े में बदल गई.
शनिवार सुबह कौड़ी खुटाना मैदान के पास झाड़ियों में शिवलाल का शव मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मृतक की पहचान उसकी पत्नी मंझली हांसदा ने की. पुलिस ने बहनोई बाबूलाल के बयान पर मामला दर्ज किया और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेश राय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया. घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. मृतक की शादी नौ महीने पहले ही हुई थी.

