नई दिल्ली: हजारीबाग से बीजेपी सांसद मनीष जायसवाल ने संसद के मानसून सत्र में सहारा इंडिया से जुड़े करोड़ों निवेशकों के लंबित भुगतान का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया. उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि निवेशकों को राहत देने के लिए लंबित राशि के निष्पादन प्रक्रिया में तेजी लाई जाए.

सांसद मनीष जायसवाल ने सदन में कहा कि करोड़ों निवेशक, जिनमें गरीब, मजदूर और किसान शामिल हैं, उन्होंने अपनी मेहनत की छोटी- छोटी बचत सहारा इंडिया में निवेश की थी. उनका सपना था कि इस पैसे से वे बच्चों की पढ़ाई, शादी या घर बनाने जैसी जरूरतें पूरी करेंगे. उन्होंने सदन को बताया कि इन निवेशकों के साथ लाखों अभिकर्ता (एजेंट) भी हैं, जो अब भी लोगों से यह वादा कर रहे हैं कि वे उनका पैसा वापस दिलवाएंगे. लेकिन जनता उन्हें लगातार परेशान कर रही है.
सांसद ने सरकार द्वारा सहारा इंडिया के पैसे जब्त करने की पहल का स्वागत किया. साथ ही, उन्होंने अपील की कि लंबित भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाकर निवेशकों और एजेंटों को जल्द से जल्द राहत दी जाए. उन्होंने कहा कि यह न सिर्फ एक आर्थिक मसला है, बल्कि करोड़ों परिवारों की उम्मीदों और सपनों से जुड़ा संवेदनशील मुद्दा है.
देखें video

