गम्हरिया: सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए आरएसबी ग्लोबल ने गम्हरिया स्थित आरएसबी यूनिट-IV में वार्षिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया. शिविर आरएसबी ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आरके. बेहेरा के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया गया. इसमें कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए कुल 340 यूनिट रक्तदान किया.


शिविर में बेहेरा परिवार की ओर से श्रीमती संगीता बेहेरा और श्रीमती नलिनी बेहेरा विशेष रूप से उपस्थित रहीं. उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और मानव सेवा से जुड़े इस प्रयास की सराहना की.
श्रीमती संगीता बेहेरा ने कहा कि जन्मदिन का उत्सव तब अधिक सार्थक हो जाता है, जब वह मानवता की सेवा से जुड़ता है. कर्मचारियों और टीम के सदस्यों का स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना आरएसबी परिवार के सेवा भाव को दर्शाता है.

श्रीमती नलिनी बेहेरा ने कहा कि रक्तदान की प्रत्येक यूनिट किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकती है. उन्होंने कहा कि वर्कशॉप से लेकर कार्यालय तक कर्मचारियों में रक्तदान को लेकर दिखा उत्साह इस अवसर को और खास बनाता है.
हर साल 4 हजार यूनिट रक्तदान करता है आरएसबी ग्रुप
लीड एचआर जया सिंह ने कहा कि डॉ. आरके. बेहेरा के मार्गदर्शन और वाइस चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर एसके. बेहेरा के नेतृत्व में आरएसबी ग्रुप औद्योगिक उत्कृष्टता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी प्राथमिकता देता है. कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी के कारण रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों को लगातार बढ़ावा मिल रहा है.
आरएसबी ग्रुप के अनुसार, भारत और विदेशों में स्थित उसकी विभिन्न इकाइयों में पूरे वर्ष रक्तदान शिविर समेत कई सामाजिक कल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं. समूह की सभी इकाइयों को मिलाकर प्रतिवर्ष करीब 4,000 यूनिट रक्त का योगदान किया जाता है. वहीं, अकेले गम्हरिया की इकाइयां हर वर्ष करीब 1,800 यूनिट रक्त का योगदान करती हैं.
1975 में जमशेदपुर से शुरू हुआ था आरएसबी
वर्ष 1975 में जमशेदपुर से डॉ. आरके. बेहेरा और एसके. बेहेरा द्वारा स्थापित आरएसबी आज एक प्रमुख वैश्विक इंजीनियरिंग एवं मैन्युफैक्चरिंग समूह के रूप में कार्यरत है. पुणे मुख्यालय वाला यह समूह जमशेदपुर, पुणे, धारवाड़, चेन्नई, श्री सिटी, पंतनगर, कटक और लखनऊ समेत देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों के अलावा अमेरिका और मैक्सिको में भी विनिर्माण इकाइयां संचालित करता है.
आरएसबी ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स और सिस्टम्स, प्रोपेलर शाफ्ट, गियरबॉक्स, एक्सल एवं मशीन्ड कंपोनेंट्स के अलावा कमर्शियल वाहनों, पैसेंजर कारों, निर्माण और कृषि उपकरणों के लिए भारी फैब्रिकेशन के डिजाइन, टेस्टिंग और निर्माण के क्षेत्र में काम करता है.

