राउरकेला: रेलनगरी बंडामुंडा में खुशी का माहौल है. रेलवे के कैरेज एंड वैगन विभाग में कार्यरत टेक्नीशियन सूरज माझी के बड़े बेटे शेबेन माझी ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर ओड़िशा अंडर-16 क्रिकेट टीम में जगह बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है.

मूल रूप से झारखंड के राज खरसावां निवासी सूरज माझी बंडामुंडा में कार्यरत हैं. बेटे की इस बड़ी उपलब्धि से वे बेहद भावुक नजर आए और कहा कि यह उनके जीवन का सबसे गर्वभरा पल है. उनकी आंखों में आंसू थे, लेकिन चेहरे पर बेटे की कामयाबी की चमक साफ झलक रही थी.
राउरकेला के डिसूजा स्कूल में कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले शेबेन ने पिछले छह वर्षों से राउरकेला स्पोर्ट्स एसोसिएशन में कड़ा अभ्यास किया है. दाएं हाथ के लेग स्पिन गेंदबाज शेबेन ने अपने लगातार बेहतर प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा. इसके फलस्वरूप उन्हें ओड़िशा अंडर-16 टीम में शामिल किया गया.
अब शेबेन 7 दिसंबर को मध्यप्रदेश के ग्वालियर में भारत की प्रतिष्ठित विजय मर्चेंट ट्रॉफी के तहत ओड़िशा और राजस्थान के बीच होने वाले मुकाबले में खेलते नजर आएंगे. इस अहम मैच को लेकर वह पूरी तरह तैयार और आत्मविश्वास से भरे हुए हैं.
सूरज माझी ने बताया कि उन्होंने 8 साल की उम्र से ही बेटे को क्रिकेट की ट्रेनिंग दिलानी शुरू की थी. बंडामुंडा के डी-केबिन स्थित जयहिंद क्लब के मैदान से शेबेन की क्रिकेट यात्रा शुरू हुई थी. बाद में बेहतर प्रशिक्षण के लिए उसे राउरकेला स्पोर्ट्स एसोसिएशन में भर्ती कराया गया, जहां कोच नटराज बेहेरा और शुभेंदु पंडा ने उसके खेल को नई दिशा दी.
शेबेन की इस ऐतिहासिक सफलता से उनकी मां संयुक्ता माझी, परिवार के अन्य सदस्य और पूरे क्षेत्रवासी गर्व से भर गए हैं. खेल प्रेमियों, युवाओं और रेल कर्मचारियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है. हर कोई शेबेन के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहा है और उन्हें अगले बड़े खिलाड़ी के रूप में देखने की उम्मीद जता रहा है.
शेबेन माझी की यह उपलब्धि साबित करती है कि सच्ची लगन, कठिन मेहनत और मजबूत इरादों के साथ कोई भी युवा अपने सपनों को साकार कर सकता है. आज बंडामुंडा का नाम एक नए उभरते सितारे के साथ पूरे क्षेत्र में गूंज रहा है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
