जमशेदपुर: ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में रोटरैक्ट क्लब ऑफ नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ने सराहनीय पहल की है. सिमुलडांगा हाई स्कूल में आयोजित “डिजिटल शिक्षा” परियोजना के माध्यम से सैकड़ों विद्यार्थियों को कंप्यूटर और आधुनिक तकनीक की बुनियादी जानकारी दी गई.

इस परियोजना का उद्देश्य गांव के बच्चों के बीच डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना और उन्हें आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ना था. कार्यक्रम के तहत कक्षा 4 से 8 तक के विद्यार्थियों को कंप्यूटर संचालन, डिजिटल टूल्स और तकनीकी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया.
प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को सरल, रोचक और इंटरैक्टिव तरीके से कंप्यूटर की मूलभूत जानकारी दी गई. विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और नई तकनीकों को सीखने में गहरी रुचि दिखाई.
रोटरैक्ट क्लब द्वारा यह परियोजना अलग-अलग चरणों में आयोजित की गई. “डिजिटल शिक्षा” अभियान का आयोजन 10 जनवरी, 17 जनवरी, 22 जनवरी, 30 जनवरी, 7 फरवरी, 13 फरवरी, 20 फरवरी, 14 मार्च, 28 मार्च, 4 अप्रैल, 11 अप्रैल, 18 अप्रैल, 2 मई, 8 मई और 12 मई को किया गया. इस अभियान के जरिए लगभग 420 विद्यार्थियों को लाभ मिला.
क्लब के सदस्यों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी डिजिटल दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकें. कार्यक्रम की सफलता में रोटरैक्ट क्लब के सदस्यों और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इस पहल ने यह साबित कर दिया कि सही मार्गदर्शन और तकनीकी शिक्षा के माध्यम से गांवों के बच्चों को भी आधुनिक डिजिटल शिक्षा से जोड़ा जा सकता है.



