सरायकेला/ Pramod Singh

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर “रफ़्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” अभियान के तहत आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में बुधवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो के नेतृत्व में आयोजित किया गया.
कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वे ओवरस्पीडिंग न करें और सड़क दुर्घटनाओं के खतरे से अवगत रहें. वाहन चालकों के बीच पैम्फलेट का वितरण किया गया और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग के प्रति जागरूक किया गया.

इस अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक टीम ने गम्हरिया चौक, लाल बिडिलंग और गम्हरिया बाजार में सड़क सुरक्षा संदेशों को आम जनता तक पहुँचाया. नुक्कड़ नाटकों में हेलमेट के उपयोग और ओवरस्पीडिंग से होने वाली दुर्घटनाओं की गंभीरता को प्रभावी रूप से दर्शाया गया.
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई, जिससे सड़क सुरक्षा के प्रति उनके जिम्मेदार और सतर्क व्यवहार को बढ़ावा मिले. इस पहल का उद्देश्य आम जनता में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं को कम करना है.

