जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम निवासी होनहार छात्रा प्रिया कुमारी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाएगा. गणतंत्र दिवस के दिन रांची स्थित राज्यपाल निवास में आयोजित प्रतिष्ठित एट होम समारोह में झारखण्ड के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है.

इसी क्रम में कृष्णा आईटीआई मिहिजाम की वेल्डर ट्रेड 2024 बैच की टॉपर छात्रा प्रिया कुमारी का चयन किया गया है.
श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखण्ड सरकार के निर्देश पर निदेशालय, नियोजन एवं प्रशिक्षण द्वारा राज्य के सभी आईटीआई टॉपर छात्रों की सूची तैयार की गई थी, जिसमें प्रिया कुमारी का नाम शामिल है.
प्रिया कुमारी का चयन न केवल उनकी कड़ी मेहनत, लगन और प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि यह राज्य में कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने का भी सशक्त संदेश देता है. गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित एट होम समारोह में राज्यपाल द्वारा चयनित विद्यार्थियों को आमंत्रित कर उनका सम्मान किया जाएगा.
इस उपलब्धि से मिहिजाम सहित पूरे जामताड़ा जिले में खुशी और गर्व का माहौल है. स्थानीय लोगों, शिक्षकों और प्रशिक्षण संस्थान से जुड़े लोगों ने प्रिया कुमारी को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया है.

