रांची: जिले के टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला ईईएफ मैदान और मिलन चौक क्षेत्र का है, जहां बीती रात चोरों ने छह दुकानों को निशाना बनाया. अजय ट्रेडर्स, आनंद टायर, अमित मिश्रा की दुकान, पूजा स्टोर सहित दो अन्य दुकानों में चोरी और चोरी के प्रयास की वारदात सामने आई है.

स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, पहले भी इस क्षेत्र में कई घरों में चोरी हो चुकी है. लाखों रुपये के सामान और जेवरात चोर ले जा चुके हैं, लेकिन अबतक पुलिस के हाथ खाली हैं. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और दुकानदारों में भारी आक्रोश है.
इस बार की चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में चार युवक साफ-साफ दिखाई दे रहे हैं, जिनकी उम्र करीब 18 से 20 साल के बीच बताई जा रही है. सभी ने चेहरे को बिना ढंके वारदात को अंजाम दिया, जिससे उनकी पहचान करना पुलिस के लिए थोड़ा आसान हो सकता है. स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि बारिश के मौसम में चोरी की घटनाएं अधिक होती हैं. उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी की मांग की है, ताकि आम जनता और व्यवसायी खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें. पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही गिरफ्तारी की बात कही है. अब देखना है कि पुलिस कितनी जल्दी कार्रवाई करती है और क्षेत्र में सुरक्षा बहाल होती है या नहीं.
देखें CCTV

