रांची: पुलिस की सक्रियता से अगवा की गई स्कूली छात्रा को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है. जानकारी के अनुसार, अपहरणकर्ताओं ने छात्रा को रामगढ़ जिले के कुज्जू इलाके में छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए.

यह मामला बुधवार सुबह सामने आया था, जब चुटिया थाना क्षेत्र स्थित सिरमटोली फ्लाईओवर के पास से एक छात्रा का अपहरण कर लिया गया था. छात्रा बिशप वेस्टकॉट स्कूल जा रही थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया. और शहर के सभी चेकनाकों पर सख़्ती बढ़ा दी गई. पुलिस ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी.
पुलिस की सख्त कार्रवाई और लगातार पीछा किए जाने से घबराकर अपहरणकर्ता छात्रा को छोड़कर भाग निकले. पुलिस ने बच्ची को सकुशल कुज्जू से बरामद कर लिया है. फिलहाल छात्रा को चिकित्सकीय जांच और काउंसलिंग के लिए ले जाया गया है. वहीं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

