रांची: झारखंड में बढ़ते अपराध और लेवी वसूली को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार किया है. उन्होंने कहा कि झारखंड में अपराधियों द्वारा ‘लेवी वसूली’ का धंधा पूरी तरह बेलगाम हो चुका है. धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर और अब राजधानी रांची तक अपराधियों का आतंक फैल गया है.

मरांडी ने आरोप लगाया कि एक कुख्यात अपराधी, जो विदेश में छिपा बैठा है, उसके नाम पर झारखंड के व्यापारी और डॉक्टरों से करोड़ों रुपये की वसूली की जा रही है. उन्होंने कहा कि हाल ही में क्षेत्र भ्रमण के दौरान कई व्यापारियों ने उनसे अपनी आपबीती साझा की. कई ने दबी जुबान में बताया कि उनसे 5 से 10 करोड़ रुपये तक की मांग की गई है, लेकिन डर के कारण वे अपना नाम सार्वजनिक नहीं करना चाहते.
मरांडी ने चिंता जताई कि अब राजधानी रांची के एक प्रतिष्ठित डॉक्टर को भी करोड़ों रुपये की फिरौती के लिए धमकी दी गई है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है.
उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार चाहे तो विदेश में छिपे अपराधी को भी पकड़ सकती है. लेकिन अगर उसे पकड़ना संभव नहीं है, तो कम से कम राज्य में सक्रिय उसके गुर्गों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए.
मरांडी ने तीखे शब्दों में कहा कि या तो यह सारा गोरखधंधा मुख्यमंत्री और पुलिस अधिकारियों के संरक्षण में चल रहा है, या फिर सरकार इतनी कमजोर और भयभीत है कि अपराधियों के सामने पूरी तरह पंगु हो चुकी है.
उन्होंने कहा कि आज राज्य के व्यापारी और डॉक्टर दहशत में जी रहे हैं. उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि अगर अपराधियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो विपक्ष यह मान लेगा कि वसूली का यह खेल सरकार की मिलीभगत से चल रहा है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
