रांची: जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. प्रेम प्रसंग और शादी के विवाद में एक भाभी ने अपने ही चचेरे देवर की हत्या की साजिश रच डाली. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए महिला और उसके पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

घटना तमाड़ थाना क्षेत्र के लोधमा गांव की है. मृतक की पहचान शंकर नायक के रूप में हुई है. बताया गया है कि करीब एक वर्ष पूर्व शंकर नायक के माता- पिता की बीमारी से मौत हो गई थी, जिसके बाद वह घर में अकेले रह रहा था. इस दौरान उसकी चचेरी भाभी गीता देवी उसके भोजन और घरेलू कार्यों का ध्यान रखती थी. इसी क्रम में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और मामला प्रेम प्रसंग तक पहुंच गया.
पुलिस के अनुसार जब शंकर नायक ने शादी कर अलग परिवार बसाने की तैयारी शुरू की और लड़की देखने जाने लगा, तब गीता देवी को यह नागवार गुजरा. वह नहीं चाहती थी कि शंकर उससे दूर हो जाए. इसके बाद उसने अपने पति बलदेव मछुवा के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच ली.
6 फरवरी को योजना के तहत शंकर नायक को चाय में कीटनाशक मिलाकर पिला दिया गया. शक से बचने के लिए वही चाय आरोपी महिला ने अपने पति को भी दी, लेकिन उसे पहले ही चाय नहीं पीने की हिदायत दे दी गई थी. बाद में बलदेव मछुवा ने तबीयत खराब होने का नाटक किया और इलाज के लिए बुंडू अस्पताल पहुंच गया. चाय पीने के कुछ ही देर बाद शंकर नायक की हालत बिगड़ गई और उसके मुंह से झाग निकलने लगा. गंभीर स्थिति में उसका भाई सुकरा नायक उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर ले गया, जहां इलाज के दौरान उसी दिन उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम के बाद 7 फरवरी को शव गांव लाया गया. मामले को संदिग्ध मानते हुए मृतक के भाई ने 9 फरवरी को तमाड़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए बुंडू एसडीपीओ ओमप्रकाश के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई. पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पूरी साजिश का खुलासा हुआ. पुलिस ने आरोपी गीता देवी और उसके पति बलदेव मछुवा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस के अनुसार यह हत्या सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

