रांची: राजधानी रांची में लगातार हो रही बारिश के कारण डैमों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. सुरक्षा के मद्देनजर जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन ने अलर्ट मोड अपना लिया है. इसी कड़ी में शनिवार को धुर्वा डैम के सभी फाटक खोल दिए गए हैं ताकि पानी के दबाव को नियंत्रित किया जा सके और किसी प्रकार की आपदा से बचा जा सके.

विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश होने के कारण डैम का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया था. यदि समय पर फाटक नहीं खोले जाते तो आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती थी.
डैम का पानी छोड़े जाने से तटीय और निचले इलाकों के लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी और नालों के किनारे न जाएं और पूरी तरह सतर्क रहें. साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है.
धुर्वा डैम के आसपास के गांवों में रहने वाले लोग प्रशासन की इस कार्रवाई से सतर्क हो गए हैं. ग्रामीणों ने बताया कि बारिश की वजह से पहले ही घरों में पानी भरने की स्थिति बन गई है और अब डैम से छोड़े गए पानी का असर भी झेलना पड़ सकता है. स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि प्रशासन उनकी सुरक्षा और राहत व्यवस्था सुनिश्चित करे. इस बीच जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीम को भी सतर्क कर दिया है. राहत और बचाव दल को तैयार रखा गया है ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके. अधिकारियों ने साफ कहा है कि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए आने वाले दिनों में और भी एहतियाती कदम उठाए जा सकते हैं.

