रांची: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने झारखंड में उच्च शिक्षा से जुड़ी कई समस्याओं को लेकर राज्यपाल संतोष गंगवार को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में मांग की गई कि सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति अविलंब की जाए. साथ ही सभी विश्वविद्यालयों में सत्र नियमित हो.

अभाविप ने कहा कि झारखंड में 2019 के बाद किसी भी विश्वविद्यालय या महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव नहीं हुए हैं. यह लोकतंत्र के पहले पायदान को कमजोर करने जैसा है. छात्र संघ चुनाव छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक हैं. प्रदेश मंत्री मनोज सोरेन ने कहा कि शिक्षकों की भारी कमी से पठन- पाठन प्रभावित हो रहा है. नियमित सत्र पूरे करने में विद्यार्थियों का अतिरिक्त समय लग रहा है, जो उनके भविष्य के लिए चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं की भूमिका घटती जा रही है. सरकार को इस दिशा में शीघ्र ठोस कदम उठाना चाहिए. ज्ञापन देने वालों में प्रदेश अध्यक्ष मौसमी पॉल, प्रदेश मंत्री मनोज सोरेन, बिहार- झारखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ला और झारखंड प्रांत के संगठन मंत्री नीलेश कटारे शामिल थे.

