रांची: कफ सिरप के सेवन से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की खबरों के बाद रांची जिला प्रशासन सतर्क हो गया है. प्रशासन ने सिविल सर्जन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए जिले में कफ सिरप की बिक्री और वितरण पर सख्त निगरानी रखने का आदेश दिया है.

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब बिना डॉक्टर की पर्ची के किसी भी मेडिकल स्टोर में कफ सिरप की बिक्री नहीं की जाएगी. सिविल सर्जन के माध्यम से सभी चिकित्सकों को निर्देश दिया गया है कि वे केवल उन्हीं बच्चों को कफ सिरप दें जिनमें किसी प्रकार के दुष्प्रभाव की संभावना न हो.
इसके साथ ही बाजार में उपलब्ध विभिन्न ब्रांडों के कफ सिरप के सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता और सुरक्षा की जांच कराई जाएगी. प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी मेडिकल स्टोर या चिकित्सक द्वारा इन दिशा- निर्देशों का उल्लंघन किया गया तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे डॉक्टर की सलाह के बिना बच्चों को कोई भी कफ सिरप न दें. उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी जानकारी को गंभीरता से लें और आवश्यक चिकित्सीय परामर्श के बाद ही दवा का सेवन कराएं.

