गम्हरिया: प्रखंड के बीरबांस पंचायत स्थित बालीगुमा में रामकृष्णा फोर्जिंग लिमिटेड प्लांट- 5 के बाहर गुरुवार से 19 जमीनदाताओं ने स्थायी नियोजन की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया. जमीनदाताओं का कहना है कि वर्ष 2008 में करीब 40 लोगों को स्थायी नौकरी देने का आश्वासन दिया गया था, जिसमें से 21 को नियोजन मिला, जबकि 19 अब भी वंचित हैं.

धरनारत लोगों ने बताया कि 22 जनवरी 2026 को इस संबंध में श्रम अधीक्षक सह श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, सरायकेला- खरसावां को लिखित आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर उन्होंने कंपनी गेट के समीप धरना शुरू किया. धरना की सूचना पर विधायक दशरथ गागराई, उनके प्रतिनिधि मांगी लाल महतो, प्रखंड भाग-दो अध्यक्ष प्रकाश महतो, शैलेन्द्र महतो सहित झामुमो के कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया.

विधायक ने कंपनी प्रबंधन पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक मजदूरों को नियोजन नहीं मिलेगा, वह भी धरने पर बैठे रहेंगे. विधायक ने जिला प्रशासन को तलब करने की बात कही और कहा कि पूर्व में प्रशासन को सूचना दी गई थी, फिर भी प्रबंधन को जानकारी नहीं होना सवाल खड़ा करता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक प्रशासन मौके पर आकर समाधान नहीं करता और मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा.

इधर कंपनी के अधिकारी शक्ति पद सेनापति ने कहा कि प्रबंधन को धरने की पूर्व सूचना नहीं दी गई थी. कंपनी की ओर से मजदूरों की मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिया गया है. उन्होंने कहा कि कंपनी सामाजिक दायित्व के तहत युवाओं की तकनीकी पढ़ाई का खर्च भी उठाती रही है, बावजूद इसके गेट पर धरना से उत्पादन प्रभावित हो रहा है.
समाचार लिखे जाने तक कंपनी गेट पर जमीनदाता और विधायक धरने पर डटे हुए थे.

