रामगढ़/ Anuj Kumar जिले में पुलिस- प्रशासन की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. यौन शोषण के आरोपी आफताब अंसारी के थाना कस्टडी से फरार होने के बाद कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शहजाद अनवर ने पुलिस की गंभीर लापरवाही पर सवाल उठाए हैं.

बताया गया कि आफताब अंसारी को पुलिस ने 23 जुलाई को हिरासत में लिया था और रामगढ़ थाना में रखा गया था. लेकिन 24 जुलाई को वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. इस घटना की पुष्टि पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने की है. उन्होंने कहा कि आरोपी के फरार होने की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है.
इस घटना के बाद आफताब अंसारी के परिजन सैकड़ों की संख्या में रामगढ़ थाना पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने थाने का घेराव करते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए.
शहजाद अनवर ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि युवक के साथ अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने सरकार और प्रशासन से पारदर्शी जांच की मांग की. पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने जानकारी दी कि आरोपी को पूर्व में कुछ लोगों ने दुकान में मारपीट की थी, जिसके बाद उसे पुलिस ने अपनी कस्टडी में रखा था. मगर थाना परिसर से उसके फरार होने की घटना सामने आई. एसडीपीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि मामले में लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारी पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी. वहीं, पुलिस आरोपी की तलाश में हर बिंदु पर जांच कर रही है.

