रामगढ़: जिले के बरकाकाना पुलिस ने मोहम्मद सऊद हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले की जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव गोस्वामी ने बरकाकाना ओपी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी.

उन्होंने बताया कि मृतक मो. सऊद के पिता मो. सयूब अंसारी ने बेटे के लापता होने की सूचना दी थी. जांच के दौरान ग्राम पीरी स्थित अमान अंसारी के बंद पड़े चिमनी ईंटभट्ठा के डग से सऊद का शव बरामद किया गया. मृतक के पिता के आवेदन के आधार पर पतरातू थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था. पुलिस अधीक्षक रामगढ़ के निर्देश पर छापामारी दल गठित किया गया. गिरफ्तार आरोपी आफताब अंसारी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया. उसने बताया कि साथी एबाद उर्फ आबाद के साथ मिलकर सऊद की हत्या की गई. 6 जुलाई को मोहर्रम जुलूस के बाद सुलेशन का नशा करने के दौरान सऊद और एबाद के बीच टर्बो काटने की बात को लेकर विवाद हुआ. इसी बीच एबाद ने चाकू से सऊद पर कई बार वार कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को ईंट भट्ठा के डग में छुपा दिया गया. पुलिस ने आरोपी आफताब अंसारी के घर से घटना के दिन पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं. आरोपी को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

