राजनगर/ Rasbihari Mandal सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत सिजुलता पंचायत के गोवर्धन गांव के समीप इन दिनों अवैध खनन का खेल जोरों पर है. पत्थर माफिया खुलेआम पहाड़ों को काट रहे हैं और प्रशासन एवं पंचायत प्रतिनिधि मूक दर्शक बने हुए हैं.

स्थानीय लोगों के अनुसार प्रतिदिन ट्रैक्टरों के माध्यम से खनन किए गए पत्थरों को ऐदल स्थित एक क्रशर तक पहुंचाया जा रहा है. पूरा नेटवर्क इतनी संगठित ढंग से काम कर रहा है कि प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लग पा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि दिन-रात पत्थर तोड़ने की आवाज गूंजती रहती है और धीरे-धीरे पूरा पहाड़ खत्म होता जा रहा है.
नाम न बताने की शर्त पर एक ग्रामीण ने बताया कि पहाड़ का आधा हिस्सा अब तक नष्ट हो चुका है. उन्होंने कई बार मुखिया और प्रशासन को इसकी जानकारी दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई.
सूत्रों के मुताबिक, इस अवैध खनन के पीछे बगल के गांव का एक प्रभावशाली पत्थर माफिया है जो रोजाना ट्रैक्टरों से पत्थरों की ढुलाई करवाता है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि माफिया को कुछ स्थानीय प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण खनन पर रोक नहीं लग पा रही है.
अब सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन इस अवैध खनन पर कार्रवाई करेगा या फिर माफियाओं के हौसले इसी तरह बुलंद रहेंगे. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
