राजनगर/ Sarita Mahato झारखंड सरकार के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत उत्क्रमित मध्य विद्यालय भूईयानाचना में बुधवार को पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अभियान का उद्देश्य माताओं के सम्मान में एक स्थायी प्रतीक बनाना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है.

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपनी- अपनी मां के नाम पर पेड़ लगाए. विवेक महतो, रितेश महतो और सुमन महतो सहित कई बच्चों ने कहा कि वे अपनी मां के सम्मान में पेड़ लगाकर पर्यावरण को भी संरक्षित करना चाहते हैं. अभियान के तहत विद्यालय परिसर और गांव के विभिन्न स्थानों पर फलदार वृक्ष लगाए जाएंगे. इस वर्ष 100 पेड़ लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. विद्यालय के बच्चों और ग्रामीणों ने मिलकर इस लक्ष्य को प्राप्त करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाध्यापक शिमाला किस्कू, निर्मल कुमार राउत और दीपक महतो का विशेष योगदान रहा.

