राजनगर/ Rasbihari Mandal प्रखंड के चालियामा गांव में रुंगटा माइंस लिमिटेड और चालियामा स्टील प्लांट की ओर से जनहित में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. यह शिविर तेलाई गांव स्थित फुटबॉल मैदान में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चला.

स्वास्थ्य शिविर में चालियामा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. आयोजकों के अनुसार 400 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया. शिविर में अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, शुगर समेत अन्य रोगों की जाँच की गई. इसके साथ ही आवश्यक दवाएं भी निःशुल्क वितरित की गईं. ग्रामीणों ने मौके पर ही डॉक्टरों से परामर्श लेकर अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान पाया.

आयोजकों ने बताया कि इस स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और दूर- दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा समय रहते बीमारियों की पहचान करना है. ग्रामीणों में इस पहल को लेकर उत्साह देखा गया और उन्होंने इसे सराहा. रुंगटा माइंस लिमिटेड समय-समय पर इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता है, जिससे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलता है.

