राजनगर/ Rasbihari Mandal विजयदशमी के अवसर पर राजनगर ब्लॉक मैदान में गुरुवार को रावण दहन कार्यक्रम बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ. श्री श्री सार्वजनिक दुर्गापूजा कमेटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को देखने हजारों श्रद्धालु जुटे. मैदान जय श्रीराम के नारों और आतिशबाजी से देर तक गूंजता रहा.

इस वर्ष 58 फीट ऊँचा रावण का भव्य पुतला बनाया गया था, जिसे राजनगर थाना प्रभारी चंचल कुमार ने रॉकेट में आग लगाकर दहन किया. जैसे ही पुतले में आग लगी, हजारों श्रद्धालुओं ने जोरदार जय श्रीराम के नारे लगाए और आसमान पटाखों की चमक से जगमगा उठा.

पूरे कार्यक्रम में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई थी. थाना प्रभारी चंचल कुमार दल-बल के साथ मौजूद रहे और भीड़ को संभालते हुए कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया. जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी, साथ ही दमकल गाड़ियों की भी व्यवस्था की गई थी.
समिति अध्यक्ष दिलीप राऊत ने कहा कि रावण दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है. लगातार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया.

थाना प्रभारी चंचल कुमार ने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सदस्यों का योगदान सराहनीय रहा, जो धन्यवाद के पात्र हैं.
रावण दहन कार्यक्रम पूरी तरह शांति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया.

