राजनगर/ Rasbihari Mandal सरायकेला- खरसावां जिला के राजनगर प्रखंड अंतर्गत मुरमडीह नदी तट पर रविवार को राजनगर राशन डीलर संघ की ओर से वनभोज सह मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया. कार्यक्रम में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से पहुंचे राशन डीलरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संगठन की एकजुटता का परिचय दिया.

समारोह के दौरान आयोजित बैठक में राशन डीलरों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लाभुकों को समय पर, पारदर्शी एवं नियमसम्मत तरीके से राशन वितरण सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की. इसके साथ ही सरकारी दिशा-निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और जनवितरण प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने पर सभी ने एकमत से सहमति जताई.
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष प्रदीप माझी ने कहा कि वनभोज सह मिलन समारोह संघ की एकता और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक है. ऐसे आयोजन आपसी सहयोग को बढ़ावा देते हैं और सभी डीलरों को नई ऊर्जा व सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं. उन्होंने भविष्य में इस आयोजन को और अधिक भव्य और संगठित रूप देने की बात भी कही.
कार्यक्रम के दौरान भूतपूर्व राशन डीलर स्वर्गीय बासुदेव राऊत, प्रदीप प्रधान एवं शीलमोहन पूर्ति सहित पूर्व में संघ से जुड़े दिवंगत डीलरों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. सभी उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उनके योगदान को स्मरण किया.
वनभोज सह मिलन समारोह को सफल बनाने में संघ अध्यक्ष प्रदीप माझी के साथ पप्पू रॉय, चतुर्भुज प्रधान, देवाशीष प्रधान, नागेन्द्र नाथ महतो, साहेब राम माहतो, सीताराम मुर्मू, निमाय रजक सहित अन्य राशन डीलरों की सक्रिय भूमिका रही. कार्यक्रम पूरे दिन आपसी सौहार्द और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ.

