सरायकेला/ Rasbihari Mandal राजनगर थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से विशेष अपील की है. थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने कहा है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि किए कोई भी संदेश सोशल मीडिया पर साझा न करें.

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि फेसबुक, व्हाट्सएप या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, उकसाने वाली या सांप्रदायिक सामग्री प्रसारित करने से समाज में तनाव और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. ऐसे पोस्ट से बचना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है.
थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि झारखंड पुलिस आम जनता के साथ खड़ी है. यदि किसी को कोई संदिग्ध गतिविधि, सूचना या अफवाह की जानकारी मिलती है, तो तत्काल राजनगर थाना या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें.
उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में न ले. शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है.
राजनगर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, संयम बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें.

