राजनगर/ Rasbihari Mandal थाना परिसर में रंगों के पावन पर्व होली एवं बाहा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी की अनुपस्थिति में सर्किल इंस्पेक्टर नितिन कुमार ने की. इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य, बुद्धिजीवी वर्ग तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग मौजूद रहे.

बैठक में होली एवं बाहा पर्व के दौरान विधि- व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने को लेकर विशेष चर्चा की गई. सर्किल इंस्पेक्टर नितिन कुमार ने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं. किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि त्योहार के दौरान संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा गश्ती दल लगातार क्षेत्र में निगरानी करेगा. डीजे, जुलूस एवं हुड़दंग को लेकर जारी दिशा- निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई.

शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि राजनगर क्षेत्र में सभी पर्व पारंपरिक सौहार्द और आपसी सद्भाव के साथ मनाए जाते रहे हैं और इस बार भी उसी परंपरा को कायम रखा जाएगा.
बैठक के समापन के बाद शांति समिति के सदस्यों एवं पुलिस प्रशासन ने एक-दूसरे को रंग- अबीर लगाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और शांति व सद्भाव के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लिया.

