राजनगर/ Rasbihari Mandal थाना परिसर में रविवार को दुर्गापूजा और दशहरा पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक थाना प्रभारी चंचल कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में राजनगर प्रखंड क्षेत्र की कुल आठ लाइसेंसी दुर्गापूजा समितियों के सदस्य उपस्थित रहे.

मौके पर जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो और प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार मौजूद थे. थाना प्रभारी चंचल कुमार ने उपस्थित सदस्यों से अपील की कि दुर्गापूजा पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए. उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा पारंपरिक और सांस्कृतिक पर्व है और इसे आपसी भाईचारे और शांति के माहौल में संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है. पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना, फायर सेफ्टी और इलेक्ट्रिक सेफ्टी के नियमों का पालन करना जरूरी है. प्रशासन हर स्तर पर सहयोग करेगा.

प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार ने भी लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि पंडालों में साफ- सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए. मूर्ति विसर्जन के समय तय रूट का पालन किया जाए ताकि यातायात में कोई बाधा न आए. प्रशासन की ओर से पर्याप्त सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.
बैठक में मूर्ति विसर्जन को लेकर कई दिशा- निर्देश दिए गए. फायर सेफ्टी और इलेक्ट्रिक सेफ्टी पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई.
बैठक में हीरालाल सतपति, मुखिया निर्माई सोरेन, पंचायत समिति सदस्य दिनेश प्रधान, राजकपूर प्रधान, समाजसेवी अजय कुमार गोप, शेर मोहम्मद, राजू राउत, बलराम प्रधान, उत्तम प्रधान, शंकर सरदार सहित बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य मौजूद थे.

