राजनगर/ Rasbihari Mandal सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड के कुजू स्थित लोधा पहाड़ क्षेत्र में इन दिनों पेड़ों की अंधाधुंध कटाई जारी है. एक ओर जहां सरकार पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए करोड़ों की हरित योजनाएं चला रही है, वहीं दूसरी ओर खुलेआम पेड़ों की कटिंग ने सरकारी मंशा और वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लोधा पहाड़ कभी घने जंगलों और हरियाली से आच्छादित था, लेकिन अब लगातार हो रही अवैध कटाई से न केवल पहाड़ की प्राकृतिक सुंदरता घट रही है बल्कि पारिस्थितिक संतुलन पर भी खतरा मंडरा रहा है. ग्रामीणों के अनुसार कई बार वन विभाग और प्रशासन को सूचना देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है.

ग्रामीणों का कहना है कि वे बचपन से इस पहाड़ की हरियाली में पले-बढ़े हैं, लेकिन अब रोजाना दर्जनों पेड़ काटे जा रहे हैं. यदि यही हाल रहा तो आने वाले वर्षों में यह इलाका पूरी तरह सूना हो जाएगा.
इस संबंध में वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर जांच टीम भेजी गई है. दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि लोधा पहाड़ में चल रही अवैध कटाई पर तत्काल रोक लगाई जाए और जिम्मेदार लोगों पर कठोर कदम उठाए जाएं, ताकि क्षेत्र की हरियाली और पर्यावरणीय संतुलन को बचाया जा सके.

