राजनगर/ Rasbihari Mandal गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजनगर प्रखंड कार्यालय सभागार में झारखंड अलग राज्य आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया. समारोह में अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने आंदोलनकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.

कार्यक्रम में आंदोलनकारी नेता भुवनेश्वर महतो के नेतृत्व में बड़ी संख्या में आंदोलनकारी शामिल हुए. इस दौरान कुल 175 आंदोलनकारियों को उनके संघर्ष, त्याग और ऐतिहासिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया.

समारोह को संबोधित करते हुए भुवनेश्वर महतो ने कहा कि झारखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है. उन्होंने कहा कि ऐसे सेनानियों का सम्मान करना केवल प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है.
वहीं आंदोलनकारी रामरतन महतो ने कहा कि कई आंदोलनकारी आज भी सम्मान और पेंशन से वंचित हैं. उन्होंने छूटे हुए आंदोलनकारियों को सूची में शामिल करने और सभी पात्र लोगों को पेंशन का लाभ देने की मांग की. मंच के माध्यम से उन्होंने राज्य सरकार से शीघ्र पहल करने का आग्रह किया.
सम्मान समारोह के दौरान सभागार “जय झारखंड” और “झारखंडी अस्मिता जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा. जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आंदोलनकारियों के योगदान को नमन करते हुए आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ.
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख आरती हांसदा, उपप्रमुख सुमना देवी, विशु हेम्ब्रम, रामरतन महतो, राजकपूर प्रधान, जयराम मुर्मू, गुरुप्रसाद महतो, चितरंजन महतो, चंदन महतो, सुबोल महतो, नेबु महाकुड़, जितमोहन मुर्मू, कालीपद सोरेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आंदोलनकारी उपस्थित थे.

